रायपुरजॉबराज्यसरगुजासुरजपुर

वर्षों से लंबित मांगों को लेकर राज्य अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात।

सूरजपुर । छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे राज्य अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) की *नियमितीकरण/संविलियन, ग्रीष्मकालीन अवधि के मानदेय, समान कार्य-समान वेतन तथा शासकीय कर्मचारियों के समान अवकाश* सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर प्रांतीय अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी को संघ द्वारा पूर्व में प्रस्तुत मांग-पत्र एवं विभाग को प्रेषित पत्रों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) वर्ष 2015-16 से लगातार शासकीय विद्यालयों में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षकों द्वारा अध्यापन कार्य के साथ-साथ आईसीटी प्रशिक्षण, निर्वाचन कार्य, एनएसएस प्रभारी, बोर्ड परीक्षा कार्य, बाह्य पर्यवेक्षक, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है।

संघ द्वारा मुख्यमंत्री जी के समक्ष मुख्य रूप से निम्न मांगें रखी गईं—

– राज्य अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) का शिक्षा विभाग में नियमितीकरण/संविलियन/समायोजन किया जाए।

– ग्रीष्मकालीन अवधि का मानदेय प्रदान किया जाए।

– समान कार्य-समान वेतन के आधार पर व्याख्याता पद के मूल वेतनमान का लाभ दिया जाए।

– अतिथि शिक्षकों को शासकीय कर्मचारियों के समान अवकाश की पात्रता प्रदान की जाए।

– वर्षों से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्थायी एवं सम्मानजनक सेवा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

संघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री जी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि अतिथि शिक्षकों से संबंधित कार्य प्रक्रिया में है और “कुछ होगा ।” मुख्यमंत्री जी के इस सकारात्मक आश्वासन से प्रदेश के अतिथि शिक्षकों में अपनी वर्षों पुरानी नियमितीकरण की मांगों के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है।

 

संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन एवं समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि सरकार अतिथि शिक्षकों की वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान करेगी।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष राज यादव, जिला अध्यक्ष सरगुजा विपिन कुशवाहा, बिंदलाल पासवान, ज्योति गुप्ता एवं अन्नू गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी संघ के प्रदेश पदाधिकारी हसनैन खान ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button