
प्रतापपुर में बहने वाली बाँकी नदी का मामला,जगन्नाथपुर का था युवक,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है इलाज
सूरजपुर ।जब युवक बाढ़ में बहा तो किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह जिंदा बच जाएगा लेकिन ऊपर वाले को कुछ और ही मंजूर था।बात प्रतापपुर में बहने वाली बाँकी नदी की है जिसमें बाढ़ आन के कारण एक युवक बह गया था।लगभग पांच किलोमीटर तक बहने के दौरान एक लकड़ी उसका सहारा बनी तथा पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के प्रयास से उसकी जान बच गई।समाचार लिखे जाने तक उसका इलाज समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जगन्नाथपुर का रहने वाला विनय पिता सहेस टोप्पो दो दिनों से घर से निकला हुआ था। शुक्रवार की दोपहर वह चांचीडांड में बांकी नदी के किनारे खड़ा था।आसपास मौजूद लोगों ने उसे हटने कहा क्योंकि धीरे धीरे नदी में बाढ़ बढ़ रही थी।वह नहीं माना और अचानक बाढ़ वहां तक पहुंच गई जहां वह खड़ा था और इस बाढ़ में वह बह गया।उसे बहता देख हल्ला शुरू हो गया,जानकारी के बाद सरपंच रामपति के साथ अन्य लोग भी पहुंच गए जिन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए।इसके बाद रामपति ने इसकी सूचना गोटगांव के सरपंच शंभूनाथ मरावी,जनपद सदस्य अनिल सिंह और थाने को दी।जिसके बाद सभी नदी के बहाव वाले क्षेत्र में पहुंच गए।गोटगांव के अंतिम हिस्से में ग्रामीणों ने बह रहे युवक की ओर एक लम्बा बांस फेंका,जिसे युवक ने पकड़ लिया और ग्रामीणों ने उसे बाहर खींच लिया।उसके बाहर निकलते ही पुलिस कर्मी अपनी गाड़ी से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर ले आए जहां उसका उपचार शुरू हुआ,उसके परिजन भी हॉस्पिटल पहुंच गए।दूसरी तरफ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बहने के दौरान एक लकड़ी को पकड़े हुए था जो ही उसका सहारा बनी हुई थी,इस दौरान कई बार वह पानी में डूबते भी दिखा।बरहाल इतनी बाढ़ में बहने और पांच किलोमीटर तक का सफर तय करने के बावजूद युवक सुरक्षित है।
*बुरी तरह कांप रहा था, युवक,शिव ने अपने कपड़े पहनाय*
पूरी घटना के दौरान शिव प्रधान ने मानवता की मिसाल पेश की।मिली जानकारी के अनुसार जब युवक को गोटगांव के पास रेस्क्यू कर लिया गया और नदी से बाहर निकाला गया तब वह बुरी तरह कांप रहा था।उसे बाहर निकलने में मदद करने वाले शिव प्रधान ने अपने कपड़े उतारे और उसे पहनाए जिसके बाद युवक को राहत मिली।
ग्रामीणों के साथ पुलिस कर्मी रस्सी फेंकते,नदी में कूदते आए नजर…
नदी में बाढ़ के साथ बह रहे युवक को बचाने ग्रामीणों के साथ प्रतापपुर पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी।मिली जानकारी के अनुसार चांचीडांड सरपंच रामपति ने यहां के ग्रामीणों के साथ युवक की ओर रस्सी फेंक उसे पकड़ाने की कोशिश की।जब युवक गोटगांव पहुंच गया तो सूचना के बाद यहां इंतजार कर रहे अनिल सिंह जनपद सदस्य,रामप्रसाद,अरविंद, सुखलाल,नर्सिंग,जीतन,देवकुमार,शिव प्रधान ने उसकी ओर रस्सी फेंकी लेकिन युवक ने इसे नहीं पकड़ा।ग्रामीण नदी में भी उतर गए और आवाज दे रस्सी पकड़ने कहते रहे।जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी अमित कौशिक के निर्देश पर एएसआई हरिशंकर तिवारी,मुंशी विनोद परिडा,रविशंकर चौबे,चालक जय प्रकाश पन्ना, अमर साय,सत्यनारायण भी उक्त गांवों तक पहुंच गए थे।इन्होंने रस्सी पकड़ाने की कोशिश की,वे भी नदी में उतर गए थे, चालक जयप्रकाश तो बाढ़ के बावजूद नदी के और अन्दर तक चले गए थे ताकि युवक को बचाया जा सके।जब गोटगांव में कामयाबी मिलते नहीं दिख रही थी पुलिसकर्मी कैराडांड डेम के पास पहुंच गए थे ताकि यहां पर उसे रोका जा सके। बाढ़ में बहते युवक को बचाने पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों द्वारा जिस तरह के प्रयास किए गए,उसकी सराहना हो रही है।युवक अंततः बचा भी तो इन्हीं के प्रयास से है।



