
रायपुर। जंगली हाथियों ने पुनः एक ग्रामीण की जान ले ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू श्यामले पिता अर्जुन गोंड उम्र 22 जो ग्राम मेंढारी,फोकली महुआ का निवासी था। कल देर शाम को वाड्रफनगर से अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से गांव आ रहा था। वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में कक्ष क्रमांक आर एफ 755 के पास जंगली हाथियों ने उन सभी को घेर लिया। जंगली हाथियों के अचानक हमला से घबरा करके साथी इधर उधर भागने लगे। उसके साथी बच निकलने में कामयाब रहे पर राजू श्यामले भागने में कामयाब नही हो सका। जंगली हाथियों ने मौके पर ही राजू श्यामले को पटक पटक कर मार डाला। आपको बता दें कि वन परिक्षेत्र वाड्रफनगर के मेन्ढ़ारी जंगल में हाथियों का दल लगातार उत्पात मचा रहा है।
सरगुजा संभाग में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ते जा रहा है। प्रतिवर्ष जंगली हाथियों की चपेट में आने से दर्जनों लोगों की मौत हो रही है। प्रशासन इसको रोकने में नाकाम है जबकि हाथी मैनेजमेंट के नाम पर शासन के द्वारा करोड़ों रुपए वन विभाग को दिए जाते हैं।

रेंजर रामनारायण राम और उनकी टीम ने शव का पंचनामा करा कर पी एम हेतू भेज दिया है तथा मृतक के परिवार को तत्काल 25 हज़ार की सहायता उपलब्ध करवाया है।



