
अफरोज खान
सुरजपुर। नगर पंचायत जरही से लगे हुए ग्राम बंशीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के ही युवक का शव सड़क किनारे मिला है, जिससे ग्राम बंशीपुर में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार बंशीपुर के खुतरू पारा निवासी शिव प्रसाद पिता ननकू राम उम्र लगभग 25 वर्ष का शव मुख्य सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा हुआ था। जिसे राहगीरों द्वारा आज दोपहर लगभग बारह बजे के आसपास देखा गया। सड़क किनारे शव मिलने की खबर पूरे गांव में आग की तरफ फैल गई। जिसके बाद गांव वालों के द्वारा भटगांव पुलिस को सूचित किया गया। झाड़ियों के बीच संदिग्ध हालात में शव मिलने के कारण ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। लेकिन अभी तक युवक के मृत्यु का कारण का पता नहीं लगाया जा सका है। वहीं पुलिस द्वारा परिजनों की उपस्थिति में शव को पोस्टमार्टम हेतु भटगांव अस्पताल भिजवाया गया है ।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा। ज्ञात हो कि कल रात्रि घटनास्थल से चंद दूरी पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिस कार्यक्रम में युवक भी गया हुआ था । आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान कोई अनहोनी युवक के साथ हो गई होगी बहरहाल समाचार लिखे जाने तक मृत्यु के कारण का पता नहीं लगाया जा सकता है।




