ख़बर पर नजरदेश विदेशराज्य

कांग्रेस की पहली और भाजपा की दूसरी सूची इसी हफ्ते जारी होगी।

कांग्रेस और भाजपा आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले सभी उम्मीदवार घोषित करने की कोशिश में।

अफरोज खान । विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां कुछ सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा आचार संहिता लागू होने से पहले करने की रणनीति पर काम कर रहीं हैं। भाजपा 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है और अब दूसरी सूची जारी करने की तैयारी कर रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी चुनाव समिति की दो दौर की बैठक के बाद पहली सूची के लिए 30-35 नाम तय कर लिए है। दोनों की सूची इसी हफ्ते आने की संभावना है।

विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की पहली सूची 11 सितंबर तक आने के संकेत हैं। राजधानी में 8 सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इसमें चुनाव समिति में तय किए गए नामों पर मंथन होगा। इसके बाद कांग्रेस की पहली सूची जारी होगी।

छत्तीसगढ़ के मंत्री रविंद्र चौबे ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए इसी सप्ताह कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। आधे से अधिक सीटों पर चर्चा पूरी हो चुकी है। अधिकांश सीटों पर सिंगल नाम है। कुछ सीटों पर दो नाम का पैनल है । 8 सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी में नामों पर चर्चा होगी। बाद में सेंट्रल इलेक्शन कमेटी नाम पर मुहर लगा देगी।

मंत्री चौबे ने दिल्ली दौड़ लगाने वाले नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि टिकट के लिए किसी को भी दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है । कांग्रेस प्रभारी सैलजा ने पहले ही इसे स्पष्ट कर दिया है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक राज्य में होगी तो दिल्ली दौड़ लगाने की कोई जरूरत ही नहीं है। नेताओं से मिलने अगर कुछ विधायक दिल्ली गए होंगे तो मुझे नहीं लगता कि इससे कोई लाभ होने वाला है। सारे फैसले रायपुर में ही होंगे।

 

बीजेपी आचार संहिता लगने से पहले 52 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करने की तैयारी में।

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के पैटर्न को फॉलो करते हुए भाजपा अपने 52 उम्मीदवारों की सूची आचार संहिता से पहले लागू करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में 21 उम्मीदवारों की पहली सूची भाजपा ने 17 अगस्त को ही जारी कर दी थी। 22 सीटों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची इसी हफ्ते जारी किए जाने के संकेत हैं। भाजपा की दूसरी सूची को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक का इंतजार है। इस सूची में बस्तर और सरगुजा की कई सीटों के साथ कुछ मौजूदा विधायकों की दावेदारी पर भी पार्टी फैसला ले सकती है। संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी इस बार विधायकों का टिकट भी काटने के मूड में है। भाजपा इस बार दो दर्जन महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में है। पार्टी ने पहली सूची में पांच महिलाओं को टिकट दिया है।

Afroj Khan

प्रधान संपादक रायपुर, छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button