क्राइमकोरियाख़बर पर नजरजशपुरदेश विदेशमनेन्द्रगढ़/चिरमिरी/सोनहत-भरतपुरसरगुजासुरजपुर

भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के ऊपर हुए प्राण घातक हमले के तीन आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल, 72 घंटे के अंदर बड़ी कार्यवाही

सूरजपुर। विगत 3 दिन पूर्व भटगांव के केवटाली जंगल में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के ऊपर हुए प्राणघातक हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 72 घंटे के अंदर पतासाजी करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

विदित हो कि विगत 3 दिन पूर्व भटगांव थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम केवटाली जंगल में रेत माफियाओं के द्वारा भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष एवं उनके साथियों के बीच भी जमकर झड़प हुई थी। जिसमें रेत माफियाओं के गुर्गो के द्वारा बड़ी बेरहमी राड व डंडे से मंडल अध्यक्ष के ऊपर प्राणघातक हमला किए गए थे। जिसके पश्चात उनके गुर्गे घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। तो वही भाजयुमो के कार्यकर्ताओं के द्वारा लहूलुहान अवस्था में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष को देर शाम हॉस्पिटल में भर्ती करा कर इलाज शुरू कराया गया था। जिसके पश्चात पूरे प्रदेश में इस घटना की निंदा कर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं के द्वारा जगह-जगह पुतला दहन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई थी। जिसे पुलिस पर लगातार दबाब बढ़ता जा रहा था। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने इस मामले में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी करते हुए जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के नेतृत्व में एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी व एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी सहित 5 थाना-चौकी की पुलिस टीम गठित कर तत्परता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसी बीच पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर प्रकरण के मुख्य आरोपी संजय अग्रवाल पिता महगीलाल निवासी बैकुण्ठपुर, चंदन उर्फ चंद्रप्रकाश शर्मा पिता रामासिंह शर्मा निवासी गोदरीपारा चिरमिरी व आफताब खान उर्फ गोलू पिता इस्लाम खान निवासी पोडी के घर सहित अन्य ठिकानों में लगातार दबिश दी जा रही थी कि इसी बीच पुलिस के हत्थे तीनों आरोपी चढ़ गए। इनके पास से घटना को अंजाम दिये जाने वाले पर्याप्त सबूत पाए गए। पुलिस ने तत्काल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनो आरोपियों के विरुद्ध प्रार्थी अखण्ड प्रताप सिंह की रिपोर्ट पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 16/23 धारा 341, 147, 148, 149, 294, 506, 307 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। जिसके पश्चात प्रकरण के अनुसंधान, प्रार्थी एवं गवाहों के कथन व आहत का कार्यपालिक मजिस्ट्रेट से कराए गए बयान तथा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले में आपराधिक षडयंत्र स्पष्ट होने पर प्रकरण में धारा 115, 120बी भादसं. जोड़ी गई। वहीं मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी पुलिस बड़ी सरगर्मी से कर रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भटगांव शरद चंद्रा, निरीक्षक धर्मानंद शुक्ला, थाना प्रभारी चंदौरा शिवकुमार खुटे, चौकी प्रभारी खड़गवां विमलेश सिंह, चौकी प्रभारी बसदेई बृजेश यादव, चौकी प्रभारी रेवटी सुनील सिंह, एसआई सी.पी.तिवारी, बी.एम.गुप्ता, नीलाम्बर मिश्रा, एएसआई लवकुश राजवाड़े, नंदलाल सिंह, सुमंत पाण्डेय, प्रधान आरक्षक संजय चौहान, आनंद सिंह, राहुल गुप्ता, हेमंत सोनवानी, आरक्षक युवराज यादव, रौशन सिंह, प्रकाश, मनोज, संतोष, भोला शंकर, प्रहलाद पैकरा, शैलेष राजवाडे व हेमंत सिंह सक्रिय रहे।

आदतन अपराधी की जिला बदर की कार्रवाई नही होना ऊंची पहुंच की ओर कर रहा है इशारा।
आरोपी संजय अग्रवाल पर कोरिया जिले में डेढ़ दर्जन से अधिक मारपीट बलवा फर्जीवाड़ा समेत कई अपराध दर्ज है। इसके बावजूद प्रशासन के द्वारा आज तक इसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई नहीं होना ऊँची पहुंच की ओर इशारा करता दिख रहा है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही नही होने से इनके हौसले बुलंद है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध अंकुश न लगना समाज के लिए घातक सिद्ध हो सकता हैं।

घटना के मुख्य आरोपी निकला भाजपा कार्यसमिति का सदस्य।

घटना को अंजाम देने वाले आरोपी संजय अग्रवाल कोरिया जिले के भाजपा कार्यसमिति का सदस्य बताया जा रहा है। जिसको लेकर सोशल मीडिया में भी भाजपा जिला अध्यक्ष का अनुशंसित लेटर व और साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ ली गई फोटो जमकर ट्रोल हो रहा है।

भाजपा वाले प्रदेश व जिले का बिगाड़ रहे माहौल।

सूरजपुर जिले की इस बड़ी घटना को लेकर के भटगांव विधानसभा के विधायक व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े ने आरोप लगाया है कि भाजपा पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल निर्मित करना चाहती हैं।पूरे प्रदेश और जिले माहौल को खराब कर रही हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के भैयाथान मंडल अध्यक्ष के ऊपर रेत माफियाओं के द्वारा प्राणघातक हमले का आरोप लगाकर बीजेपी वाले जगह-जगह धरना प्रदर्शन करके माहौल खराब किए। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस रेत खदान को लेकर ये घटना हुई है उसका मालिक भाजपा से जुड़ा हुआ है।जिस व्यक्ति को मारा गया वह भी भाजपा से जुड़ा हुआ है और उसके जमीन को आरोपियों ने लीज पर लिया था और जिस व्यक्ति संजय अग्रवाल ने यह हमला करवाया वह खुद भाजपा कोरिया जिला का पदाधिकारी है।भाजपा नेताओं को शर्म आना चाहिए कि उनके कार्यकर्ता और पदाधिकारी पैसे की बंदरबांट और खनिज संपदा का दोहन करने के लिए आपस में गैंगवार कर रहे हैं व कांग्रेस की सरकार को बदनाम कर रहे हैं। भाजपा के नेताओं को अपने इस कृत्य के लिए पूरे प्रदेश की जनता से माफी मांगने चाहिए। मैं मांग करता हुं कि भाजपा अपने नेताओं को पर अंकुश लगाएं और निर्देश दे की अवैध कारोबार करने से बाज आए।

बयान।
घटना को अंजाम देने वाले अब तक पकड़े गए आरोपी संजय अग्रवाल आदतन अपराधी है। जिसके विरूद्ध कोरिया के जिले के विभिन्न थाना व चौकियों में बलवा, मारपीट व धोखाधडी के डेढ दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज है। इसी प्रकार आरोपी चंदन उर्फ चंद्रप्रकाश शर्मा भी आदतन अपराधी है। जिसके विरूद्ध भी मारपीट, बलवा व हत्या का प्रयास सहित दर्जनभर से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज है। जिसका प्रकरण माननीय न्यायालय में विचाराधीन है।
श्रीमती मधुलिका सिंह
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सूरजपुर।

Devendra Kumar Singh

Editor In Chief Surguja Mobile No 9131424275

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button