छत्तीसगढ़ के प्रमुख आदिवासी नेता सोहन पोटाई का निधन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दुःख जताया

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद सोहन पोटाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की हैै।
कांकेर। छत्तीसगढ के पूर्व सांसद और छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सोहन पोटाई का बृहस्पतिवार को निधन हो गया।
गोंडवाना गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष और पोटाई के करीबी अकबर राम कोर्राम ने बताया कि 65 वर्षीय पोटाई पिछले छह-सात महीनों से गले से संबंधित बीमारी से पीड़ित थे। उन्होंने राजधानी रायपुर से लगभग 150 किलोमीटर दूर कांकेर शहर स्थित अपने निवास में सुबह करीब 10 बजे अंतिम सांस ली।
कोर्राम ने बताया कि पोटाई को मंगलवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद वह अपने घर पर ही थे। उन्होंने बताया कि पोटाई के पार्थिव शरीर को कांकेर जिले में उनके पैतृक गांव बाबू डाबेना ले जाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में बस्तर क्षेत्र के प्रमुख आदिवासी नेता पोटाई भाजपा के टिकट पर कांकेर लोकसभा सीट से चार बार- 1998, 1999, 2004 और 2009 में सांसद चुने गए थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें 2016 में भाजपा से निलंबित कर दिया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने पोटाई के निधन पर दुख जताया तथा उनके परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।



