जेल से बाहर आए नवजोत सिंह सिद्धू ने राहुल गांधी को बताया क्रांतिकार

चंडीगढ़ । पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू जेल से रिहा हो गए हैं। नवजोत सिद्धू 317 दिन बाद पटियाला सेंट्रल जेल से बाहर आए हैं। उन्हें 1988 में पटियाला में हुए रोडरेज केस में एक साल कैद की सजा हुई थी। 19 मई 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सजा सुनाई थी। सिद्धू जब जेल से बाहर आए तो मुठ्ठी बांधकर और सलाम कर अपने समर्थकों का अभिवादन किया। उन्होंने राहुल गांधी को क्रांतिकारी बताया।वहीँ पंजाब के CM भगवंत मान को अखबारी CM कहा। सिद्धू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कानून-व्यवस्था के बहाने पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहती है।
पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने पर कहा- लोकतंत्र आज बेड़ियों में है। संस्थाएं गुलाम हैं। जब भी इस देश में तानाशाही आई तो एक क्रांति भी आई है। राहुल गांधी क्रांति हैं जो केंद्र सरकार की जड़ें हिलाकर रख देगा। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पूर्वजों ने देश को आजाद कराया है।
नवजोत सिद्धू ने पंजाब के ताजा हालात को लेकर पंजाब के CM भगवंत मान और केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा- भगवंत मान ने पंजाब में सपने और झूठ बेचा। पंजाबियों को मूर्ख बनाया। आज वह अखबारी मुख्यमंत्री बनकर बैठ गया है। मेरी सिक्योरिटी विड्रॉ करने की बात की। एक सिद्धू मरवा दिया, 2 और मरवा दो, मैं डरता नहीं हूं। बरगाड़ी बेअदबी पर मैंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाया, उसके इंसाफ का क्या हुआ?। रेत और शराब से 60 हजार करोड़ की कमाई कहां गई?।



