
पत्रकार अफरोज खान ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील किया है कि ईद मिलादुन्नबी के खास अवसर पर ग्रामीण अंचल के स्कूलों में भी न्योता भोज (लंगर ) करवाएं।
सूरजपुर। जश्न ए ईद मिलादुन्नबी की पंद्रह सौवी वर्षगांठ के खास अवसर पर सूरजपुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी अफरोज खान द्वारा पी एम श्री स्कूल भटगांव में न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। न्योता भोज छत्तीसगढ़ सरकार की एक पहल है, जिसका उद्देश्य स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अतिरिक्त पोषण प्रदान करना और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। इस पहल के तहत, समुदाय के सदस्य स्कूलों में जाकर बच्चों को भोजन प्रदान करते हैं। इस अवसर पर उनके साथ उनके परिवार के सदस्यों ने बच्चों को अपने हाथ से पौष्टिक आहार परोस करके खाना खिलाया।

इस अवसर पर पत्रकार अफरोज खान ने कहा कि इस साल का ईद मिलादुन्नबी त्यौहार सभी मुसलमानो के लिए बहुत खास है। क्योंकि इस वर्ष दुनिया के आखिरी पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लहू अलैहि व सल्लम के जन्मदिन का 15 सौवां वर्ष है। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लहू अलैहि व सल्लम ने दुनिया को संदेश दिया था, कि अमन शांति के साथ सर्व समाज मिल जुल कर रहें और सबका विकास हो। उन्होंने आज से 15 सौ साल पहले ही लोगों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा महिलाओं को समाज मे बराबरी का हक व सम्मान देने की वकालत की थी। सामाजिक सद्भावना बढ़ाने के साथ साथ बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने उद्देश्य से आज पीएम श्री स्कूल भटगांव में न्योता भोज का आयोजन किया गया। श्री खान ने इस खास वर्ष मे मुसलमान समुदाय के लोगों से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में जनहित का कार्य करें। अलग-अलग विद्यालय में अलग-अलग दिन न्योता भोज (लंगर )का कार्यक्रम आयोजित करके बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराए।



न्योता भोज के भोजन पश्चात सभी बच्चों को खान परिवार की तरफ से पेन और नोटबुक भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर श्रीमती यास्मीन खान, श्रीमती नरगिस आरा, फैसल खान, आरिज खान, कुमारी आसना अफरोज,अयान अफ़रोज़ खान, मो शाहिद पीएम श्री स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कौशल्या सिंह, शिक्षिका तनुजा एक्का, संकुल समन्वयक श्रीमती गायत्री मिश्रा एवं उनके स्टाफ मौजूद थे। न्योता भोज देने के लिए पीएम श्री स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कौशल्या सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।




